पशु की उम्र का पता कैसे लगाएं? यहां जानें | Cows and buffaloes Age calculator
पशुओं की उम्र की सही एवं सटीक जानकारी उनके दांतों एवं सींगों से मिलती है। आइए, जानें पशु की उम्र का पता कैसे लगाएं?

How to know the right age of cows and buffaloes: यदि आप पशुपालन करते हैं या पशुओं को खरीदना चाहते हैं तो सबसे पहले आपके मन में यही प्रश्न आता होगा कि पशुओं की उम्र का पता कैसे लगाएं? क्योंकि पशुओं की आयु पता करने की उचित जानकारी होना बहुत जरूरी है।
चूंकि दुग्ध के व्यवसाय से जुड़े व्यक्तियों के लिए कम आयु के पशुओं को खरीदना लाभदायक सिद्ध होता है। भैंस की बात करें तो करीब 4-5 वर्ष की भैंस लेना फायदेमंद होता है। उसी तरह से 3-4 साल की गाय दूध देने लायक हो जाती हैं।
गाय-भैंस की उम्र का पता लगाने के लिए कई बातों को ध्यान में रखना होता है। लेकिन पशुओं की उम्र की सही एवं सटीक जानकारी उनके दांतों एवं सींगों से मिलती है। हालांकि सींग कई बार बाहरी चोट लगने से टूट भी सकते हैं। इसलिए गाय एवं भैंस की उम्र का पता उनकी दांतों से लगाना चाहिए।
तो आइए, गाय-भैंस की उम्र का पता कैसे लगाएं (How to know the right age of cows and buffaloes?) यहां जानें सटीक तरीका
ऐसे करें कच्चे एवं पक्के दांतों की जानकारी
सबसे पहले यह देखें की पशुओं के दांत कच्चे (दूध के दांत) हैं या पक्के। कच्चे दांतों के बाद पक्के दांत निकलते हैं। पक्के दांत आकार में बड़े और लम्बे चौड़े होते हैं।
कच्चे दांतों से उम्र की जानकारी
- जन्म के समय बछड़े को 2 कच्चे दांत होते हैं।
- 7 दिन के बछड़े को 4 कच्चे दांत होते हैं।
- 15 दिन के बछड़े को 6 कच्चे दांत होते हैं।
- 30 से 45 दिन होने पर बछड़े को 8 कच्चे दांत निकल आते हैं।
- बछड़े के 5 से 6 महीने के होने पर पहला जोड़ा दाढ़ निकलता है।
- बछड़े के 15 से 16 महीने होने पर दूसरा जोड़ा दाढ़ निकलता है।
- 24 से 28 महीने के बछड़े को तीसरा जोड़ा दाढ़ निकलता है।
पक्के दांतों से उम्र की जानकारी
- 2 पक्के दांत होने पर गाय की उम्र 2 से 2.5 वर्ष एवं भैंस की उम्र 2.5 से 3 वर्ष होती है।
- 4 पक्के दांत होने पर गाय की उम्र 3 वर्ष एवं भैंस की उम्र 3.5 वर्ष होती है।
- 6 पक्के दांत होने पर गाय की उम्र 4 वर्ष एवं भैंस की उम्र 4.5 वर्ष होती है।
- 8 पक्के दांत होने पर गाय की उम्र 4.5 वर्ष एवं भैंस की उम्र 5 से 5.5 वर्ष होती है।
दांतों के घिसने से उम्र की जानकारी
- 6 से 7 वर्ष की आयु में मध्यम कर्तन दांत घिस जाते हैं।
- 7 से 8 वर्ष की आयु में दूसरे कर्तन दांत घिसते हैं।
- 8 से 9.5 वर्ष की आयु में तीसरे कर्तन दांत घिसते हैं।
- पशुओं के 11 वर्ष होने पर चौथे कर्तन दांत भी घिस जाते हैं।